उन्होंने कहा कि देश में परिवर्तन के लिए इच्छुक जनता ने उत्तर प्रदेश से भाजपा को 73 सांसद दिए हैं। अब विधायक देने की बारी है।
अमित शाह ने मंगलवार को बारह पत्थर मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पांच वर्ष में प्रदेश सरकार ने कुछ भी नहीं किया है और अखिलेश यादव भाजपा की केंद्र सरकार के दो वर्ष का हिसाब मांग रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दो वर्ष के दौरान नौ हजार गांवों में बिजली देने का काम किया है। भाजपा शासित हर राज्य में 24 घंटे बिजली मिल रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच वर्ष के कार्यकाल में भी समाजवादी पार्टी की सरकार गांवों तक बिजली नहीं पहुंचा सकी। यहां पर लैपटॉप योजना का लाभ एक जाति तथा समुदाय को मिला। यह साबित हो चुका है कि सपा सिर्फ जाति विशेष के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हम तो पाई-पाई का हिसाब दे रहे हैं। केंद्र सरकार पर दो वर्ष में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। लेकिन, अखिलेश सरकार पांच साल का हिसाब कैसे देगी।
उन्होंने कहा कि हमारा वादा है कि उत्तर प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार मिलेगी।
मथुरा प्रकरण पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ” मथुरा में जो कुछ हुआ उससे प्रदेश सरकार को शर्म तक नहीं आई। सपा जांच के लिए तैयार ही नहीं है। अखिलेश बाबू इस कांड की जांच हो जाने दो। हम तो जांच कराना चाहते हैं।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि हमने सबसे ज्यादा बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया। हमारा पीएम देश की समस्याओं पर चर्चा करता है। भ्रष्टाचारविहीन शासन देने का काम किया, जबकि यूपीए सरकार ने धरती, पाताल, आसमान सब जगह भ्रष्टाचार कर डाला।
भाजपा अध्यक्ष ने मंगलवार को कासगंज में मिशन 2017 के लिए ब्रज क्षेत्र में बूथ का मंत्र फूंका और अगली सरकार भाजपा की बनाए जाने का संकल्प कार्यकर्ताओं को दिलाया।
dharmpath.com dharmpath