नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। वयोवृद्ध पत्रकार और दिल्ली में समाचार पत्र ‘द हिंदू’ के पूर्व ब्यूरो प्रमुख के. के. कात्याल का संक्षिप्त बीमारी के बाद बुधवार को निधन हो गया। वह 88 साल के थे।
उनके परिवार में उनकी पत्नी दर्शन और बेटियां अनीता और सुगिता हैं। वे दोनों भी पत्रकार हैं।
कात्याल 1986 में ‘द हिंदू’ का दिल्ली संस्करण शुरू होने के समय से ही उससे जुड़े रहे। इससे पहले उन्होंने ‘द स्टेट्समैन’ और ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ के साथ भी काम किया था।
उनका जन्म झंग में हुआ था, जो कि अब पाकिस्तान में है। इसी कारण उन्हें प्यार से ‘झंगी’ कहा जाता था। राजनीतिक और कूटनीतिक हल्कों में उनके बेशुमार संपर्क थे।
‘द हिंदू’ से 2004 में सेवानिवृत्त होने के बाद कात्याल ‘साउथ एशिया फ्री मीडिया एसोसिएशन’ के साथ जुड़ गए थे और उसकी भारतीय इकाई के अध्यक्ष थे।
dharmpath.com dharmpath