इंदौर, 10 जून (आईएएनएस)। फाइनेन्शियल मार्केट रिसर्च एवं कन्सल्टिंग कम्पनी कैपिटलवाया ग्लोबल रिसर्च लिमिटेड ने गुरुवार को मध्यप्रदेश के खादी ग्रामोद्योग विभाग के सहयोग से ‘कोरपोरेट खादी मेला’ के आयोजन की घोषणा की।
कैपिटलवाया ने एक बयान में कहा कि इस मेले का उद्देश्य कॉरपोरेट जगत की मुख्य धारा में हमारे राष्ट्रीय फैब्रिक-खादी के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। इस 8 दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 10 से 17 जून के बीच कम्पनी परिसर में किया जाएगा, जिसमें खादी के सभी उत्पादों जैसे कमीज, जैकेट, साड़ी आदि पर 20 फीसदी की विशेष छूट दी जाएगी। ‘कोरपोरेट खादी मेला’ के माध्यम से कैपिटलवाया ग्लोबल रिसर्च ग्रामीण कारीगरी के हितों को बढ़ावा देने हेतु प्रयासरत है।
इस बारे में कैपिटलवाया ग्लोबल रिसर्च लिमिटेड के चीफ बिजनेस ऑफिसर प्रेम प्रकाश ने कहा, “यह हमारे लिए बहुत अच्छा अवसर है। हमें उम्मीद है कि खादी विभाग के साथ हमारी यह साझेदारी देश के युवाओं और कॉरपोरेट जगत में खादी को लोकप्रिय बनाने में योगदान देगी। हम भारत सरकार की ‘मेक इन इण्डिया’ पहल को अपना योगदान देना चाहते हैं।”
मध्यप्रदेश के खादी ग्रामोद्योग विभाग के उपनिदेशक पी. के. जैन का कहना है, “हम आने वाले समय में हम ‘मेक इन इण्डिया’ को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण कारीगरों को आजीविका के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की कई साझेदारियां करना चाहते हैं। हर साल भारत में 900 करोड़ रुपये की खादी बेची जाती है और अब विभाग अगले पांच सालों में इस बिक्री को 2000 करोड़ रु तक पहुंचाना चाहता है।”
dharmpath.com dharmpath