चंडीगढ़, 11 जून (आईएएनएस)। पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कहा कि विवादित फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ बनाने में वे अपनी भूमिका को स्वीकार करें।
अकाली दल के सचिव तथा पंजाब के शिक्षा मंत्री दलजीत सिंह चीमा ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा कि आप का सच पूरी दुनिया के सामने आ चुका है, क्योंकि बालाजी फिल्म्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आप की संचार शाखा के वरिष्ठ सदस्य निकले।
चीमा ने कहा, “बालाजी के सीईओ समीर नायर का स्वागत करने वाले उनके (केजरीवाल) ट्वीट ने इस सच्चाई को सामने ला दिया है कि फिल्म के निर्माता आप के सक्रिय सदस्य हैं। फिल्म का निर्माण राज्य तथा पंजाबियों को बदनाम करने की गहरी साजिश है।”
उन्होंने कहा, “अब इस बात के पुख्ता सबूत सामने आ चुके हैं कि ‘उड़ता पंजाब’ के निर्माण में आप के सक्रिय सदस्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।”
उन्होंने इस बात पर आश्चर्य जताते हुए कहा कि क्या उन्होंने बालाजी फिल्म्स को यह सच्चाई बताई थी कि वे आप के सदस्य हैं।
चीमा ने निर्वाचन आयोग से इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।
यह पूछे जाने पर कि क्या पंजाब सरकार की योजना इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की है, चीमा ने कहा कि इस तरह की कोई योजना नहीं है।
उन्होंने कहा, “पंजाब के लोग फिल्म के भविष्य का फैसला करेंगे, जब उच्च न्यायालय तथा केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) इसे रिलीज करने की मंजूरी दे देगा।”
dharmpath.com dharmpath