वाशिंगटन, 13 जून (आईएएनएस)। फ्लोरिडा के ओरलैंडो शहर के समलैंगिक नाइट क्लब में गोलीबारी की घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सोमवार को एक बार फिर बंदूक हिंसा की बढ़ती समस्या की ओर देश का ध्यान आकृष्ट कराया। ओरलैंडो की घटना में 50 लोग मारे गए हैं जबकि 53 घायल हुए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, वर्ष 2015 के अंत तक ओबामा सार्वजनिक तौर पर 15 बार बयान जारी कर बंदूक हिंसा की भर्त्सना और बंदूक की बिक्री पर रोक लगाने का आह्वान कर चुके हैं। हालांकि, वह अमेरिका के एकमात्र राष्ट्रपति नहीं हैं जिन्होंने बंदूक हिंसा को रोकने का प्रयास किया है।
पिछले दशकों में बंदूक संस्कृति को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रपतियों ने कई कदम उठाए।
इस साल पांच जनवरी को बंदूक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध के लिए ओबामा ने ह्वाइट हाउस में कई प्रशासनिक उपाय किए थे। इसमें आग्नेयास्त्र खरीदने वाले की पृष्ठभूमि की सख्ती से जांच, बंदूक सुरक्षा प्रौद्योगिकी पर संघीय शोध एवं मानसिक स्वास्थ्य सुधार कार्यक्रमों के लिए 50 करोड़ डॉलर का आग्रह शामिल था।
तशफीन मलिक और सैयद रिजवान ने कैलिफोर्निया के विकलांग सेवा केंद्र में गोलीबारी कर 14 लोगों की हत्या कर दी थी और 17 लोगों के घायल कर दिया था। उसके एक दिन बाद 3 दिसंबर 2015 को ओबामा ने आग्नेयास्त्र से जुड़े कानून में सुधार कर बंदूक की बिक्री पर रोक लगाने की अपील की थी। हफ्ते में यह तीसरा अवसर था जब उन्होंने इस तरह का बयान जारी किया था।
16 दिसंबर 2012 को ओबामा ने अमेरिका के बंदूक कानून को तत्काल बदलने की मांग की थी। वह 26 लोगों की मौत पर स्मृति सभा में भाग ले रहे थे। मारे गए इन 26 लोगों में 20 बच्चे थे। 14 दिसंबर 2012 को कनेक्टीकट के न्यूटाउन में गोलीबारी में ये 26 लोग मारे गए थे।
वर्ष 2012 की गोली चलने की घटना के बाद ओबामा प्रशासन ने बंदूक पर रोक के लिए कड़े कानून की शुरुआत करने की कोशिश की थी, लेकिन नाकाम रहा था।
ओबामा ने कहा था कि बंदूक कानूनों में सुधार की असफलता उनके राष्ट्रपति के कार्यकाल की सबसे बड़ी निराशाओं में से एक है।
जॉर्ज बुश के राष्ट्रपति के कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय बंदूक कानून कुछ हद तक ढीले किए गए थे क्योंकि डेमोक्रेटिक पार्टी ने बंदूक लॉबी एवं समर्थकों का समर्थन किया था।
बुश के पहले राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने 1994 में बंदूक नियंत्रण के लिए कई संघीय कानूनों पर हस्ताक्षर किए थे। इनमें ब्रेडी हैंडगन वायलेंस प्रिवेंशन एक्ट और पब्लिक सेफ्टी एंड रिक्रिएशनल फायरआर्म्स यूज प्रोटेक्शन एक्ट भी शामिल है जिन्हें आम तौर पर एसाल्ट विपन्स बैन (एडब्ल्यूबी) कहा जाता है।
एडब्ल्यूबी कानून की अवधि 13 सितंबर 2004 को समाप्त हो गई। क्लिंटन ने डेमाकेट्रिक पार्टी के वर्चस्व वाली संसद से यह सुलह कर ली थी कि यह प्रतिबंध केवल 10 साल प्रभावी रहेगा।
अमेरिकी संविधान के दूसरे संशोधन के जरिए हथियार रखने का अधिकार दिया गया है। इस बात की बहुत कम उम्मीद है कि अमेरिका के बंदूक कानून में कोई बहुत बड़ा बदलाव होगा।
यूएस सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन ने जो आंकड़े जारी किए हैं उनके अनुसार, अमेरिका में पिछले पांच साल में बंदूक से औसतन हर साल 33 हजार लोग मारे गए हैं।
dharmpath.com dharmpath