मार्सेली, 13 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड के कोच रॉय हॉगसन ने फुटबाल टीम के प्रशंसकों को शनिवार को हुए मुकाबले के दौरान हिंसक भिड़ंत के बाद परेशानी से दूर रहने का आग्रह किया है।
यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप 2016 में शनिवार को इंग्लैंड और रूस के बीच हुए मुकाबले की समाप्ति से एक मिनट पहले और इसके बाद प्रशंसकों के बीच हुई भिड़ंत में 35 लोग घायल हो गए।
इस मामले के तहत यूरोपियन फुटबाल शासी निकाय यूईएफए ने दोनों टीमों को टूर्नामेंट से प्रतिबंधित करने की चेतावनी दी है।
फुटबाल संघ द्वारा ट्विटर पर साझा एक वीडियो में हॉगसन ने कहा, “इंग्लैंड के कोच होने के नाते मैं इस चेतावनी को लेकर काफी चिंतित हूं और उस प्रतिबंध के बारे में भी। हमने यहां आने के लिए काफी मेहनत की है और इस प्रतियोगिता में बने रहना चाहते हैं।”
हॉगसन ने कहा, “मैं इसलिए अपने सारे प्रशंसकों से अपील करता हूं कि किसी भी प्रकार की परेशानी से दूर रहने की कोशिश करें और हम इस प्रतियोगिता में बने रहने के लिए अपना पूरा जोर लगाने की कोशिश करेंगे।”
फ्रांस के अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न मार्शल आर्ट्स कलाओं में प्रशिक्षित रूस के करीब 150 गुंडे इस हिंसक भिड़ंत में शामिल थे। हालांकि, उन्होंने इंग्लैंड के प्रशंसकों को भी जिम्मेदार ठहराया।
इंग्लैंड के कप्तान वेन रूनी ने भी वीडियो में समर्थन के लिए प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया और उनसे अगले मुकाबले में किसी भी परेशानी में पड़ने से बचने का आग्रह किया।
इंग्लैंड का अगला मुकाबला गुरुवार को लेंस में वेल्स से होगा।
रूनी ने कहा, “मैं रूस के खिलाफ टीम के समर्थन के लिए प्रशंसकों को शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। अब हमारा वेल्स के खिलाफ अगला मुकाबला काफी बड़ा है और मैं प्रशंसकों से कहना चाहता हूं कि अगर आपके पास टिकट नहीं हैं, तो मुकाबले को देखने न आएं। जिनके पास टिकट हैं वे सुरक्षित रहें और खिलाड़ियों के प्रति अपना समर्थन जारी रखें।”
dharmpath.com dharmpath