विधेयक नामंजूर होने पर आप ने साधा मोदी सरकार पर निशाना

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने यहां 21 विधायकों की संसदीय सचिव के रूप में नियुक्ति को मंजूरी से संबंधित विधेयक को राष्ट्रपति द्वारा नामंजूर किए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर निशाना साधा।

आप नेता संजय सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “केंद्र सरकार दिल्ली में सत्तारूढ़ हमारी सरकार के प्रति भेदभाव कर रही है।”

उन्होंने कहा, “मोदी सरकार को झूठ नहीं बोलना चाहिए। इसे सच बताना चाहिए कि राष्ट्रपति ने किसकी अनुशंसा पर विधेयक को नामंजूर किया।”

आप की ओर से यह बयान राष्ट्रपति द्वारा आप सरकार के उस विधेयक को स्वीकृति प्रदान करने से इनकार करने के बाद आया है, जिसमें पूर्ववर्ती प्रभाव से संसदीय सचिव के पद को बरकरार रखने की दरख्वास्त की गई थी।

आप नेता ने कहा, “केंद्र सरकार की अनुशंसा पर देश में कहीं भी राष्ट्रपति शासन लगा दिया जा रहा है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दिल्ली सरकार के कामों में रोड़े इसलिए अटका रही है, क्योंकि वह 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली हार को पचा नहीं पा रही है।

संजय सिंह ने कहा कि अन्य राज्यों में भी संसदीय सचिव हैं, लेकिन मोदी सरकार को दिल्ली में इनके होने पर ऐतराज है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493