त्रिकोणीय श्रृंखला : वेस्टइंडीज ने आस्ट्रेलिया को 4 विकेट से दी मात

बासेट्रे (सेंट किट्स), 14 जून (आईएएनएस)। मार्लन सैमुएल्स (92) की शानदार पारी की बदौलत वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने सोमवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के पांचवें मैच में आस्ट्रेलिया को चार विकेट से शिकस्त दे दी।

वार्नर पार्क मैदान पर खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर आस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले खेलते हुए आस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 265 रन बनाए। इस लक्ष्य को वेस्टइंडीज ने 45.5 ओवरों में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को जॉनसन चार्ल्स (48) और आंद्रे फ्लैचर (27) ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े। फ्लैचर को जेम्स फॉल्कनर ने पवेलियन भेजा। इसके बाद एडम जाम्पा ने चार्ल्स को 85 के कुल स्कोर पर अपना पहला शिकार बनाकर मेजबानों को दूसरा झटका दिया।

इसके बाद सैमुएल्स ने ड्वायन ब्रावो (39) के साथ तीसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती प्रदान की। दोनों बल्लेबाजों ने धीरे-धीरे पारी को आगे बढ़ाया।

जाम्पा ने ब्रावो को 167 के कुल स्कोर पर पवेलियन भेजकर इस साझेदारी को तोड़ा। ब्रावो के जाने के बाद सैमुएल्स ने दिनेश रामदीन (29) के साथ चौथे विकेट के लिए 73 रन जोड़े। वेस्टइंडीज की जीत लगभग तय लग रही थी, लेकिन विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने सैमुएल्स को रन आउट कर मेजबानों को झटका दिया। सैमुएल्स ने अपनी पारी में 87 गेंद खेलते हुए चार छक्के और आठ चौके लगाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

कुछ देर बाद रामदीन भी पवेलियन लौट गए। रामदीन के आउट होने के दो ही गेंद बाद कप्तान जेसन होल्डर ने पवेलियन की राह पकड़ ली। इस मौके पर केरन पोलार्ड ने नाबाद 16 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।

आस्ट्रेलिया के लिए नाथन कल्टर नाइल और जाम्पा ने दो-दो विकेट लिए। फॉल्कनर को एक विकेट मिला और एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

इससे पहले, बल्लेबाजी करने उतरी आस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच (0) पहले ओवर में ही होल्डर का शिकार बने। इसके बाद उस्मान ख्वाजा (98) और कप्तान स्टीवन स्मिथ (74) ने दूसरे विकेट के लिए 170 रनों की साझेदारी कर टीम को न सिर्फ शुरुआती झटके से उबारा बल्कि टीम को मजबूत स्थिति प्रदान की।

कार्लोस ब्रैथवेट ने स्मिथ को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कुछ देर बाद ख्वाजा भी रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।

जॉज बेली (55) और मिशेल मार्श (16) ने चौथे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की। बेली अंतिम ओवर में पवेलियन लौटे।

वेस्टइंडीज के लिए होल्डर, पोलार्ड और ब्रैथवेट ने दो-दो विकेट लिए। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493