जगदलपुर, 14 जून (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव एवं नारायणपुर जिले की सरहद पर स्थित टेटम गांव में मंगलवार सुबह पुलिस व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को मार गिराया गया। इस दौरान तीन जवान घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, जिला बल के एसआई पुष्पराज नागवंशी समेत तीन जवान जख्मी हो गए। मौके से भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किया गया।
नारायणपुर के एसपी अभिषेक मीणा ने तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ स्थल पर मौजूद परिस्थितिजन्य साक्ष्य, खून के धब्बे एवं घसीटे जाने के निशान से साबित होता है कि कम से कम 10 नक्सली मारे गए हैं और कई लहुलूहान हुए हैं। नक्सली अपने साथियों के शव ले जाने में कामयाब रहे।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से बैनर, पोस्टर, दवाइयां, गोला-बारूद, डेटोनेटर, बिजली के तार, बैटरी, दैनिक उपयोग की सामग्रियां तथा नक्सली साहित्य बरामद किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोंडागांव एवं नारायणपुर जिले से पुलिस का संयुक्त बल धुर नक्सल प्रभावी अबूझमाढ़ इलाके की ओर गश्त के लिए रवाना किया गया था। इस दौरान पुलिस बल की नक्सलियों से चार स्थानों पर छिटपुट मुठभेड़ हुई। छोटेडोंगर थाना क्षेत्र के टेटम गांव के जंगल में पुलिस की नक्सलियों के मिल्रिटी दलम कंपनी से आमना-सामना हो गया।
एसपी मीणा ने बताया कि मिलेट्री दलम के लगभग 50 नक्सलियों से ढाई घंटे तक चली मुठभेड़ में जिला बल के एसआई पुष्पराज नागवंशी, एएसआई अवध राम साहू एवं आरक्षक विनय कुमार बघेल जख्मी हो गए। नागवंशी के सीने में गोली लगी है, जबकि एक गोली अवधराम के सिर को छीलती हुई चली गई।
उन्होंने बताया कि विनय की हथेली गोली से छलनी हो गई है। गंभीर रूप से घायल पुष्पराज नागवंशी को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में रेफर किया गया है।
dharmpath.com dharmpath