श्रीनगर, 15 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के माचिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट बुधवार को आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच एक मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया। वहीं, एक जवान शहीद हो गया।
सैन्य सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि शहीद जवान मंगलवार को गंभीर रूप से घायल हुए दो जवानों में से एक था। कुपवाड़ा जिले के माचिल सेक्टर में सैन्य अभियान में अब तक एक आतंकवादी मारा गया है।
राष्ट्रीय राइफल्स ने मंगलवार को नियंत्रण रेखा के समीप भारी हथियारों से लैस एक आतंकवादी समूह को ललकारा था, जिसने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं, जिसमें पांच जवान घायल हो गए थे।
इन जवानों को विमान से श्रीनगर के एक सैन्य अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो जवानों की हालत गंभीर बताई थी। उनमें से एक जवान ने दम तोड़ दिया।
सूत्रों ने कहा कि सैन्य बल ने आतंकवादियों को उस वक्त ललकारा, जब वे भारतीय सीमा में घुस आए थे।
dharmpath.com dharmpath