बालाघाट, 15 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मंगलवार देर शाम नक्सलवादियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नक्सली समूह ने वन कर्मचारियों के साथ मारपीट की और बांस से भरे पांच ट्रकों को आग के हवाले कर दिया।
बालाघाट, 15 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मंगलवार देर शाम नक्सलवादियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नक्सली समूह ने वन कर्मचारियों के साथ मारपीट की और बांस से भरे पांच ट्रकों को आग के हवाले कर दिया।
बालाघाट परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डी.सी. सागर ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि मंगलवार को धीरी-मुरुम क्षेत्र से बांस लाए जा रहे थे, तभी नक्सलवादियों ने पांच ट्रकों को रोक कर आग लगा दी। नक्सलवादियों का कहना था कि उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों से रसद सामग्री आदि की मांग की थी, जो नहीं आई इसलिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि बांस की ढुलाई लगभग पूरी हो चुकी थी और अंतिम पांच ट्रक बाकी थे, जिन्हें नक्सलवादियों ने आग के हवाले कर दिया।
नक्सलवादियों की पिटाई के शिकार वन कर्मचारियों ने संवाददाताओं को बताया कि उन्हें वाहनों से उतार कर पीटा गया और उसके बाद ट्रकों की पेट्रोल-डीजल टंकी तोड़कर उन्हें आग लगा दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी सोना बाई ने संवाददाताओं को बताया कि 15-16 नक्सलवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
सागर ने बताया कि जिस जगह पर यह वारदात हुई, वो जंगल के बीच का इलाका है। पुलिस छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव एवं महाराष्ट्र की गोंदिया से जुड़े बालाघाट क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की कोशिश कर रही है, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस घटना के बाद पुलिस ने अपना तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
बालाघाट में नक्सलवादी वारदात लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले नक्सलवादियों ने एक युवक की मुखबिरी के शक में हत्या कर दी थी। इसके अलावा एक ट्रक और उसके बाद दो जेसीबी मशीनों को आग के हवाले कर दिया था ।
dharmpath.com dharmpath