पणजी, 15 जून (आईएएनएस)। गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने मंगलवार को दंगे के आरोपी मंत्री रमेश तावड़कर का यह कहते हुए समर्थन किया है कि मंत्री जिस आपराधिक मामले में लिप्त हैं, वह पुराना है और ‘गंभीर अपराध नहीं है’।
विपक्ष ने तावड़कर के इस्तीफे की मांग की है।
पुलिस ने इसी महीने 2009 के दंगे के मामले में खेल मंत्री तावड़कर के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है।
इसे लेकर विपक्ष द्वारा खेल मंत्री के इस्तीफे की मांग के बारे में पारसेकर ने संवाददाताओं से कहा, “यह हालिया मामला नहीं है। यह छह-सात साल पुराना मामला है। मुझे नहीं लगता कि यह कोई गंभीर मामला है।”
दक्षिणी गोवा के पोइंगुइनिम निर्वाचन क्षेत्र से विधायक तावड़कर के खिलाफ पणजी से लगभग 80 किलोमीटर दूर कोतिगाओ वन्यजीव अभयारण्य में वन विभाग के एक अधिकारी के कार्यालय में जबर्दस्ती घुसने और वन अधिकारियों की हिरासत से दो व्यक्तियों को जबरन ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
कनाकोना न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में तावड़कर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 149 के साथ धारा 143, 147, 451, 353, 224 और 225 के तहत आरोपपत्र दर्ज किया गया है।
तावड़कर ने इस्तीफा देने से इनकार करते हुए कहा है कि जब कोई वन अधिकारी स्थानीय लोगों को अपनी हिरासत में लेकर कथित तौर पर पीट रहा हो, तब ‘एक जनसेवक के तौर पर’ हस्तक्षेप करना उनका दायित्व है।
dharmpath.com dharmpath