कैराना की सच्चाई क्यों छुपा रही सपा सरकार : भाजपा

लखनऊ, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) व बहुजन समाज पार्ट्ी (बसपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कैराना मामले पर मीडिया और भाजपा द्वारा सामने लाई गई सच्चाई के बाद सपा में खलबली मची हुई है।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “समाजवादी पार्टी की सरकार में अपराधी थाने और गुंडा जिला चला रहे हैं। भाजपा और मीडिया द्वारा कैराना घटना का सच बताने के बाद भी सरकार सच्चाई से मुंह छिपाती रही। मथुराकांड भी सरकार की लापरवाही और सपा के नेताओं की देन है। ऐसी हर घटना का भारतीय जनता पार्टी पुरजोर विरोध करती रहेगी।”

मौर्या ने कहा, “यूपी के हालात खराब हैं। कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ रहीं हैं। घटनाओं को गंभीरता न लेना प्रदेश सरकार की आदत सी बन गई है। यही वजह है कि भाजपा और मीडिया ने जब कैराना घटना की सच्चाई को लाने का प्रयास किया तो उसे नकारने की कोशिशें होती रहीं।”

मौर्या ने इलाहाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की याद दिलाते हुए कहा, “सपा-बसपा की जुगलबंदी अब सामने आ गई है। दोनों ही पार्टियों ने एक-दूसरे की सरकार में हुई गलतियों की जांच कराने और दोषियों को दंडित करने का वादा किया था, लेकिन इनकी जुगलबंदी के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई।”

मौर्या ने कैराना घटना की चर्चा करते हुए कहा, “एक समुदाय विशेष से तंग आकर 346 परिवार पलायन कर चुके हैं, बावजूद इसके सपा सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगा। अब मीडिया और भाजपा द्वारा सामने लाई गई सच्चाई को ही नकारने पर लगी है।”

उन्होंने कहा, “कैराना और मथुराकांड जैसी प्रदेश में होने वाली हर घटना का विरोध भाजपा करती रहेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493