ओकमोंट (पेन्सिलवेनिया), 15 जून (आईएएनएस)।भारत के पुरुष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बन लाहिड़ी की कोशिश गुरुवार से ओकमोंट कंट्री क्लब में शुरू हो रहे साल के दूसरे बड़े टूर्नामेंट, अमेरिकी ओपन में अपने प्रदर्शन में सुधार करने की होगी।
विश्व के 57वें नंबर के खिलाड़ी लाहिड़ी ने अमेरिका में पेशेवर गोल्फ संघ (पीजीए) टूर के 16 टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया है, लेकिन सिर्फ दो में ही वह शीर्ष 25 में पहुंच सके हैं।
इन टूर्नामेंट में से कई में वह पूरे चार राउंड भी नहीं खेल पाए थे। इनमें से तीन में वह कट भी पूरा नहीं कर पाए थे।
लाहिड़ी यहां पिछले खराब प्रदर्शन को भुलाकर नई शुरुआत करना चाहेंगे। वह अपने इस प्रदर्शन को पीछे छोड़ इस बार अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे।
पहले दो दौर में वह विश्व के नंबर 67 खिलाड़ी स्कॉट पिअरसी और विश्व के नंबर 64 खिलाड़ी जैमी डोनाल्डसन के साथ रहेंगे।
लाहिड़ी के अलावा जीव मिल्खा सिंह भारत के एक और खिलाड़ी होंगे। वह अमेरिका के बिली हर्ले और जेजे हेनरी के साथ होंगे। जीव 2012 के बाद पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं।
विश्व की तीन शीर्ष खिलाड़ी आस्ट्रेलिया के जेसन डे, अमेरिका के जोर्डन स्पीथ और उत्तरी आयरलैंड के रोरी मैक्लोरे इस टूर्नामेंट के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath