मुंबई, 20 जून (आईएएनएस)। पश्चिमी रेलवे की उपनगरीय रेल सेवा सोमवार सुबह एक बैटरी बाक्स की चोरी के कारण प्रभावित हुई, जिसके कारण अति व्यस्त समय में लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों पर घोषणा की थी कि दादर में एक तकनीकी खराबी के कारण तीव्र और धीमी गति की सभी रेल सेवा रोक दी गई है।
पश्चिम रेलवे ने ट्विटर पर कहा, “पता चला है कि माहिम विद्युत उपकेंद्र पर बैटरी का एक बाक्स चोरी हो गया, जिसके कारण यह समस्या पैदा हुई है।”
चोरी के कारण अंधेरी और चर्चगेट के बीच बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसकी वजह से पश्चिम रेलवे की जीवनरेखा कही जाने वाली लोकल रेलसेवा प्रभावित हो गई। प्रतिदिन 40 लाख से भी ज्यादा लोग इस उपनगरीय रेलसेवा का इस्तेमाल करते हैं।
हालांकि अंधेरी-विरार खंड पर 30 मिनट से अधिक विलंब से सेवा संचालित की गई। ‘बेस्ट’ ने यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए विभिन्न दिशाओं में अतिरिक्त बसें चलाईं।
dharmpath.com dharmpath