मधेपुरा, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार में मधेपुरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को अवैध रूप से संचालित एक हथियार कारखाने का भंडाफोड़ कर कई अवैध हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
सदर थाना के प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मठाही रेलवे ढाला के निकट एक मकान में अवैध रूप से चल रहे हथियार कारखाने पर छापा मारा गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि कारखाने से पुलिस ने तीन पिस्तौल, एक रायफल, 20 कारतूस और बड़ी संख्या में अद्र्घनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के औजार बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में पुंजीत यादव, क्रांति कुमार और गुड्ड यादव शामिल हैं। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि यहां से निर्मित हथियारों की आपूर्ति कहां की जा रही थी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath