मुंबई, 21 जून (आईएएनएस)। पेट्रोल और नाफ्था में कैंसरकारी बेंजीन का स्तर घटाने के लिए सरकारी इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (आईआईपी), देहरादून के साथ मिलकर एक स्वदेशी प्रौद्योगिकी का विकास किया गया है। यह बात मंगलवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) ने कही।
कंपनी ने यहां अपने बयान में कहा, “आरआईएल और आईआईपी ने एक स्वदेशी बेंजीन रिकवरी इकाई (बीआरयू) का निर्माण किया है, जो रैफिनेट में बेंजीन के स्तर को अधिकतम 0.2 फीसदी सीमा में रखता है। यह प्रौद्योगिकी और विज्ञान के क्षेत्र में एक बड़ी खोज है।”
बयान में कहा गया है, “आरआईएल ने नई प्रक्रिया ‘बीआरयू’ का निर्माण किया है।”
आरआईएल और आईआईपी ने संयुक्त तौर पर नई प्रक्रिया के पेटेंट के लिए आवेदन दाखिल किया है।
रिलायंस ने कहा कि स्वास्थ्य और पर्यावरणीय चिंता के कारण पूरी दुनिया में रिफाइनिंग कंपनियों पर पेट्रोल में बेंजीन और अन्य नुकसानदेह वायु प्रदूषणकारी तत्वों के स्तर को घटाने के लिए भारी दबाव है।
dharmpath.com dharmpath