अनंतनाग, 22 जून (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में अनंतनाग विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के तहत बुधवार को हो रहे मतदान में सुबह हालांकि सुस्ती रही, पर दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की छोटी-छोटी कतारें दिखने लगीं। हालांकि शहरी क्षेत्रो में मतदान प्रतिशत बहुत कम बना हुआ है।
इस सीट से मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती मैदान में हैं। यह सीट उनके पिता व दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के आसमयिक निधन के कारण रिक्त हुई।
अधिकारियों ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक रही। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने पूर्वाह्न् तक मतदान का आकड़ा 20 फीसदी बताया।
अनंतनाग शहर के खानाबल हाईस्कूल में दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां बुर्का पहनी महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचीं। कमोबेश यही स्थिति रामबीरपुरा, क्रांगसू, केहरीबल और कई अन्य जगहों पर भी रही।
ऐसा लगा मानो महिलाएं अलगाववादियों के ‘चुनाव बहिष्कार’ के आह्वान को ठेंगा दिखाने के लिए प्रतिबद्ध थीं।
महबूबा मुफ्ती के चार अप्रैल को राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनने के बाद पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता के लिए द्विसदनीय विधायिका के किसी एक सदन का छह माह के भीतर सदस्य बनना अनिवार्य हो गया है।
आतंकवादियों को उपचुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने से रोकने के लिए पुलिस एवं अर्धसैनिक बल की तैनाती की गई है।
अनंतनाग विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को सार्वजनिक छुट्टी घोषित की गई है।
महबूबा ने बुधवार को कई मतदान केंद्रों का मुआयना किया, लेकिन उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।
रामबीरपुरा मतदान केंद्र पर संवाददाताओं ने उनसे उनकी टिप्पणी मांगी तो उन्होंने कहा, “मैं आपसे उस वक्त बात करूंगी, जब मेरे पास कहने को कुछ होगा।”
चुनाव मैदान में कांग्रेस के हिलाल अहमद शाह और नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के इफ्तिकार हुसैन मिसगार सहित सात अन्य उम्मीदवार हैं।
सात जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ति मोहम्मद सईद का इंतकाल होने के बाद से अनंतनाग विधानसभा सीट खाली है।
मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा।
मतगणना 25 जून को होगी और उसी दिन नतीजों की घोषणा की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath