मुजफ्फरपुर, 22 जून (आईएएनएस)। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के एक मंदिर से मंगलवार देर रात अष्टधातु की दो मूर्तियों सहित छह कीमती और प्राचीन मूर्तियां चोरी हो गईं।
पुलिस के अनुसार, प्रतापट्टी के ब्रजनन्दन चौक स्थित बलराम बाबा के मठ में मंगलवार की रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया और मंदिर का ताला तोड़ कर अष्टधातु से बनी भगवान लक्ष्मण और सीता की मूतिर्यो के अलावा कीमती पत्थरों से बनी अन्य चार मूर्तियां भी चुरा लीं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कुल छह मूर्तियों की चोरी हुई है। इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया तथा रास्ता जाम किया।
साहेबगंज के थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रसाद ने बुधवार को बताया कि मंदिर में चोरी की घटना की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इसी मंदिर से जनवरी, 2011 में राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां चोरी हुई थीं।
dharmpath.com dharmpath