मौर्य का सपा सिर्फ इस्तेमाल करेगी : मायावती

लखनऊ, 22 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी उठापटक का दौर शुरू हो गया है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने पार्टी छोड़ने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य पर पलटवार करते हुए कहा, “स्वामी प्रसाद ने परिवारवाद के चक्कर में बसपा छोड़ा है।”

बसपा प्रमुख ने कहा, “वह अपने बेटे और बेटी के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन हमने इनकार कर दिया था।”

मायावती ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा, “स्वामी प्रसाद ने बसपा छोड़कर पार्टी पर बड़ा उपकार किया है। वह जल्द ही पार्टी से निकाले जाने वाले थे। कई पार्टियों से होकर वह बसपा में आए थे। बसपा ने उसको इतना मान-सम्मान दिया, लेकिन परिवारवाद के चक्कर में उन्होंने बसपा छोड़ दी।”

मायावती ने कहा, “स्वामी प्रसाद पहले लोकदल में रहे, फिर जनता दल में गए। वह मुलायम सिंह यादव का पुराना साथी हैं। मुलायम ने उन्हें टिकट का लालच दिया होगा। वह बसपा में रहकर परिवारवाद को बढ़ावा दे रहा थे, लेकिन हमें यह कतई मंजूर नहीं था।”

बसपा प्रमुख ने कहा, “स्वामी प्रसाद के बेटे और बेटी को वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में टिकट दिया गया था। बेटी को रायबरेली की सरैनी विधानसभा सीट से और बेटे को डलमऊ से टिकट दिया गया था, लेकिन दोनों चुनाव हार गए। इस बार फिर वह वर्ष 2017 में होने वाले चुनाव में बेटा और बेटी के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने साफ इनकार कर दिया।”

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में स्वामी प्रसाद की बेटी संघमित्रा को मैनपुरी संसदीय सीट से टिकट दिया गया था, लेकिन वह चुनाव हार गई।

टिकट बेचने के स्वामी के आराप पर मायावती ने कहा कि स्वामी प्रसाद खुद बताएं कि अपनी बेटी और बेटे के टिकट के लिए उन्होंने बसपा को कितना पैसा दिया था। इसका स्वामी के पास कोई जवाब नहीं होगा।

उन्होंने कहा, “स्वामी पुराने दलबदलू हैं। वह मुलायम के साथ रहे हैं। बसपा ने तो वर्ष 2007 का विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी उन्हें एडजस्ट किया था।”

मायावती ने कहा, “बसपा स्वामी प्रसाद को निकालने ही वाली थी। अच्छा हुआ, वह खुद पार्टी छोड़कर चले गए। हमें निकालने की जरूरत नहीं पड़ी।”

गौरतलब है कि बसपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं उप्र विधानसभा में विपक्ष के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने बुधवार को बसपा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसकी घोषणा और मायावती पर कई गंभीर आरोप भी लगाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493