लखनऊ, 24 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के रसूलपुर में शुक्रवार को खेलते बच्चों पर कच्ची ईंटों की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक बच्चे की मौत हो गई ओर दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, रसूलपुर के शिवा (8) की दीवार में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। गांव के ही अनुज किशोर (4) और विजय किशोर (2) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों बच्चे कुंवरपाल के मकान के समीप खेल रहे थे। उसी दौरान दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार के मलबे में तीनों दब गए।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर वहां पर हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। बच्चों के परिवारीजन भी वहां पर पहुंच गए। आनन-फानन में लोगों ने मलबा हटाकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई गई है।
dharmpath.com dharmpath