वर्षा, भूस्खलन से त्रिपुरा का इकलौता राजमार्ग बंद

अगरतला, 25 जून (आईएएनएस)। वर्षा और जल जमाव के कारण त्रिपुरा का इकलौता राजमार्ग बंद हो गया है, जिसके कारण विगत एक महीने से राज्य में आवश्यक वस्तुओं, खाद्यान्नों और परिवहन ईंधन की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है।

असम-त्रिपुरा अंतर राज्यीय सीमा पर लोअरपोआह और चुरईबारी के बीच विगत कई सप्ताहों से सामान लदे हजारों ट्रक और तेल टैंकर फंसे हुए हैं।

इस महत्वपूर्ण राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए त्रिपुरा सरकार, सत्ताधारी और विपक्षी दलों, सांसदों, व्यापार संघों और गैर सरकारी संगठनों ने केंद्र सरकार, संबद्ध विभागों और असम सरकार को कई पत्र, ज्ञापन और ई-मेल भेजे, लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ।

त्रिपुरा के परिवहन मंत्री माणिक डे ने यहां शनिवार को संवाददाताओं से कहा, “त्रिपुरा अपने इकलौते राजमार्ग (एनएन-8) के जीर्णोद्धार के लिए चिल्ला रहा है और राजमार्ग की खतरनाक स्थिति के बारे में केंद्र सरकार और असम सरकार को समझाने के लिए सभी प्रयास किए हैं, लेकिन दोनों सरकारें उदासीन हैं।”

यात्रियों के आवागमन के अलावा देश के विभिन्न भागों से आवश्यक एवं अन्य वस्तुओं की आपूर्ति के लिए त्रिपुरा राज मार्ग संख्या-8 पर पूर्णरूपेण निर्भर है।

रेल और सड़क दोनों यातायात अवरुद्ध होने से प्रदेश के बाजारों में आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि गत एक सप्ताह से राज्य के सभी 60 पेट्रोल पंप प्राय: सूखे पड़े हैं, जिससे लोग अभूतपूर्व समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

समस्याग्रस्त इलाकों के दौरे के बाद राज्य के राज्यपाल तथागत रॉय ने भी केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री को पत्र लिख कर तुरंत उनके हस्तक्षेप का आग्रह किया है।

त्रिपुरा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष बिप्लब देब ने असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल और लोक निर्माण मंत्री परिमल शुक्लबैद्य के साथ बैठक की और दोनों ने उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 के क्षतिग्रस्त होने से इस इलाके में बाधित सड़क यातायात को यथाशीघ्र बहाल करने के लिए सभी कदम उठाने के आश्वासन दिए।

वर्षा, जल जमाव और मिट्टी की प्रतिकूल स्थिति के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 के करीब 20 किलोमीटर में दलदली क्षेत्र बन गया है।

त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और दक्षिणी असम के बीच 45 से अधिक दिनों से ट्रेनें रद्द हैं, जिससे त्रिपुरा में स्थिति और भी खराब हो गई। असम के पवर्तीय जिले दिमा हसाओ में भूस्खलन और वर्षा के कारण रेल पटरी क्षतिग्रस्त हो गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493