दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आप विधायक हिरासत में लिए गए

नई दिल्ली, 26 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य विधायकों को रविवार को उस वक्त हिरासत में ले लिया गया, जब वे प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री आवास की ओर जा रहे थे। उनका विरोध भाजपा की ओर से दिल्ली सरकार के ‘काम में रोड़े अटकाने’ और दिल्ली सरकार को ‘निशाना बनाने’ को लेकर था।

पुलिस उपायुक्त जतिन नारवाल ने आईएएनएस को बताया, “सिसोदिया सहित सभी विधायकों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें तुगलक रोड स्थित पुलिस थाने ले जाया गया है।”

सिसोदिया ने संवाददाताओं को बताया, “हम सभी जाएंगे और प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष आत्मसमर्पण कर देंगे। यह भाजपा द्वारा आप सरकार को काम करने से रोकने का प्रयास है।”

उन्होंने कहा, “हर दिन ये हमारे विधायकों को गिरफ्तार कर रहे हैं। इन्हें आप से समस्या है, लेकिन ये दिल्ली सरकार के अच्छे कार्यो में क्यों बाधा पहुंचा रहे हैं।”

गाजीपुर सब्जी बाजार संघ के अध्यक्ष ने यहां सिसोदिया के आधिकारिक दौरे के दौरान कारोबारियों को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

आप विधायक प्रधानमंत्री के आधिकारिक निवास 7, आरसीआर की ओर मार्च कर रहे थे कि तभी इन्हें हिरासत में ले लिया गया।

दिल्ली के ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल राय ने कहा, “भाजपा सरकार आप सरकार के अच्छे कार्यो में बाधा पहुंचाने की कोशिश कर रही है। भाजपा विधायकों पर आरोपों के बावजूद क्यों नहीं कदम उठाए जा रहे है? सिर्फ आप विधायकों को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है?”

गौरतलब है कि शनिवार को दक्षिण दिल्ली के संगम विहार से आप विधायक दिनेश मोहनिया को ‘यौन उत्पीड़न’ के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493