नाव पलटने के मामले में पणजी के महापौर के खिलाफ मामला दर्ज

पणजी, 27 जून (आईएएनएस)। सेंट आइनेज क्रीक में नाव दुर्घटना के लिए कथित रूप से पणजी के महापौर सुरेंद्र फुर्तादो को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ सोमवार को एक सामाजिक कार्यकर्ता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।

घास हटाने वाले यंत्र से लैस नाव रविवार को सेंट आइनेज क्रीक में पलट गई थी।

पणजी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में सामाजिक कार्यकर्ता आयर्स रोड्रिग्स ने कहा कि हादसे की वजह नाव पर क्षमता से अधिक भार लादना था जिससे मानव जीवन खतरे में पड़ा।

शिकायतकर्ता ने कहा, “यह घटना तब हुई जब भार असंतुलन के कारण नाव पर लगा घास हटाने वाला यंत्र उलट गया। ऐसा फुर्तादो और अन्य लोगों के कारण हुआ, क्योंकि उन्हें नाव में सवार न होने की हिदायत दी गई थी लेकिन वे माने नहीं।”

भारतीय दंड संहिता की धारा 287, 304 (ए) और 511 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

फुर्तादो ने सेंट आइनेज क्रीक में यंत्र से घास हटाने की प्रक्रिया को कवर करने के लिए रविवार को यहां मीडिया को आमंत्रित किया था। महापौर और अन्य अधिकारियों के नाव में सवार होने के थोड़ी देर बाद ही वह पलट गई। नाव में सवार सभी लोग पानी में गिर गए।

किसी को भी गंभीर चोट नहीं लगी। घटना के बाद फुर्तादो ने कहा कि वह भगवान की कृपा से बच गए।

पलटी नाव और पानी में भीगे महापौर को पलटी हुई नाव के नीचे से घसीट कर बाहर लाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493