कोलकाता, 27 जून (आईएएनएस)। अर्जेटीना राष्ट्रीय फुटबाल टीम के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी की संन्यास की घोषणा से खेल जगत स्तब्ध है। खेल जगत की हस्तियों ने मैसी की घोषणा पर सोमवार को ट्विटर के जरिए हैरानी जताई।
कोपा अमेरिका के सौवें संस्करण में रविवार को हुए खिताबी मुकाबले में टीम को चिली से मिली हार के कारण निराश मेसी ने संन्यास की घोषणा की।
मेटलाइफ स्टेडियम में हुए फाइनल मुकाबले में अर्जेटीना को चिली से पेनल्टी शूटआउट में 2-4 से हार मिली। पेनल्टी मिस करने वालों में खुद मेसी भी शामिल थे। हार के बाद वह अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए।
भारतीय फुटबाल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने ट्वीट किया, “मेसी आप एक चैम्पियन हैं। आप इतनी आसानी से हार नहीं मान सकते। हम आपको इतनी जल्दी संन्यास लेते नहीं देखना चाहते हैं। आशा है कि आप इस बारे में फिर से विचार करेंगे।”
भारत के क्रिकेट खिलाड़ी शिखर धवन और सुरेश रैना ने भी ट्वीट कर बार्सिलोना के फारवर्ड मेसी के इस फैसले पर अपने विचार साझा किए।
धवन ने लिखा, “बधाई हो। आप एक पूरी पीढ़ी के लिए प्रेरक रहे हैं।”
रैना ने ट्वीट किया, “फुटबाल प्रेमियों के लिए दुख भरा दिन। हम आपको याद करेंगे मेसी।”
भारतीय फुटबाल के दिग्गज पी. के. बनर्जी ने एक चैनल को बताया, “फुटबाल जगत के लिए यह एक नुकसान है। आप देख सकते हैं कि हार के बाद वह कितने दुखी थे। हो सकता हो कि उनके फैसले के पीछे यह एक कारण हो।”
dharmpath.com dharmpath