भुवनेश्वर, 27 जून (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए एक फीसदी ब्याज दर पर ऋण देने के लिए सोमवार को एक नई ‘कलिंगा शिक्षा साथी योजना’ शुरू की।
राज्य सरकार इस योजना के लिए आवश्यक धन, करीब 500 करोड़ रुपये अपने स्रोतों से जुटाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “कम ब्याज दर पर शिक्षा ऋण उपलब्ध कराने के वादे के तहत राज्य सरकार ने आज (सोमवार को) प्रति वर्ष एक प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण देने का फैसला किया है। यह प्रबंधन, कानून, इंजीनियरिंग, चिकित्सा आदि समेत उच्चतर शिक्षा का लक्ष्य रखने वाले छात्रों के लिए एक बड़ी मदद होगी।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि वह अभिभावकों के वित्तीय बोझ को समझते हैं जो अपने बच्चों के शिक्षा खर्च पूरा करते हैं।
पटनायक ने कहा कि सरकार का यह ऐतिहासिक और अग्रणी कदम लाखों अभिभावकों का ऋण बोझ कम करेगा।
उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब छात्रों को भी उनकी उच्चतर शिक्षा की चाहत पूरी करने में उन्हें वित्तीय रूप से सशक्त बनाएगी।
नवीन पटनायक ने कहा, “मैं इस योजना को बीजू बाबू के जन्म दिन पर उनकी दूरगामी सोच को समर्पित करता हूं। उन्होंने 35 वर्ष की उम्र में विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए ‘कलिंगा यूनेस्को’ पुरस्कार स्थापित किया था।”
dharmpath.com dharmpath