नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इंस्ताबुल हवाईअड्डे पर मंगलवार रात हुए आतंकवादी हमले की निंदा की।
शहर के अतातुर्क अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हुए इस हमले में 36 लोगों की मौत हो गई और 145 अन्य घायल हो गए।
सोनिया ने बुधवार को जारी अपने बयान में कहा, “इस हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ मेरी संवेदना है। घायलों के लिए हम प्रार्थनाएं करते हैं। यह काफी भयावह हमला था और इससे हुई तबाही से हम स्तब्ध हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “तुर्की के नागरिकों के लिए यह काफी दुखदायी पल है, जिन्होंने इस वर्ष देश में हुए कई आतंकवादी हमलों का सामना किया है।”
सोनिया ने कहा, “हम इस हमले से प्रभावित लोगों के साथ उनके परिजनों की ओर से एकजुटता और संवेदना जाहिर करते हैं। इस प्रकार के कृत्यों से मानवता और दृढ़ संकल्प प्रभावित नहीं होंगे।”
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ने भी इस हमले में जान गंवाने वालों के परिजनों और घायलों के प्रति एकजुटता जाहिर की।
राहुल ने ट्वीट किया, “इस्तांबुल में एक और आतंकवादी हमले की खबर से काफी हैरान और दुखी हूं। मासूमों पर हुए इस हमले की पुरजोर निंदा करता हूं।”
उन्होंने कहा, “मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिजनों और इस्तांबुल के लोगों के साथ हैं।”
इस्तांबुल में मंगलवार शाम तीन आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी करनी शुरू कर दी और बाद में हवाईअड्डे पर स्वयं को बम से उड़ा लिया।
dharmpath.com dharmpath