मोनाको, 2 जुलाई (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) ने शुक्रवार को रूस में डोपिंग मामलों को उजागार करने वाली धाविका यूलिया स्टेपानोवा को ओलम्पिक में खेलने की मंजूरी दे दी है।
वह तटस्थ झंडे तले ओलम्पिक में हिस्सा लेंगी।
एक बयान में कहा गया है, “आईएएएफ के डोपिंग समीक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को तटस्थ झंडे तले अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के पहले मामले पर फैसला लिया है।”
बयान में कहा गया है, “कई अधिकारियों के साथ जर्मन डॉक्यूमेंट्री में रूस के खिलाड़ियों पर डोपिंग के आरोप लगाने वाली स्टेपानोवा ने खिलाड़ियों के बचाव और साफ खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए अतुल्नीय योगदान दिया है।”
समाचार एजेंसी तास के मुताबिक, बयान में कहा गया है कि स्टेपानोवा एमसटरडम में छह से 10 जुलाई तक होने वाली यूरोपियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में हिस्सा ले सकती हैं। अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता कराने वाले संगठनों को भी स्टेपानोवा से संबंधित यह नोटिस मिल जाएगा।
ऑल रशिया एथलेटिक महासंघ (एआरएएफ) के अध्यक्ष दिमित्रि श्लाखतिन ने सामचार एजेंसी तास को बताया कि एआरएएफ स्टेपानोवा को खेलने की मंजूरी देने के इस फैसले को तटस्था के साथ लेगी।
उन्होंने कहा, “इस मामले पर फैसला विएना में हुई बैठक में लिया जा चुका था।”
इससे पहले स्टेपानोवा को डोपिंग नियमों के उल्लघंन के चलते दो साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था। यह निलंबन 2015 में खत्म हो चुका था।
dharmpath.com dharmpath