बीजिंग, 2 जुलाई (आईएएनएस)। चीन की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई इस वर्ष अगस्त में होने वाले ओलम्पिक खेलों में प्रतिस्पर्धा हेतु तैयारी के लिए काफी संघर्ष कर रही हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पेंग (30) उन चार चीनी खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें रियो ओलम्पिक खेलों के लिए अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ द्वारा गुरुवार को घोषित एकल और युगल वर्ग की खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया गया है।
पेंग एकल वर्ग में झांग शुआई के साथ खेलेंगी और इसके साथ युगल वर्ग में झांग के साथ जोड़ी में भी हिस्सा लेंगी।
ओलम्पिक खेलों में टेनिस प्रतियोगिता में युगल वर्ग में चीन की एक और महिला जोड़ी शामिल होगी, जिसमें झेंग साईसाई और शु यिफान होंगे।
विंबलडन ग्रैंड स्लैम में वाइल्ड कार्ड से आईं पेंग को टूर्नामेंट की 18वीं वरीय खिलाड़ी अमेरिका की स्लोआने स्टीफंस से गुरुवार को हुए मुकाबले में 7-6 (7-5), 6-2 से हार का सामना करना पड़ा।
पिछले साल मई में पेंग चोटिल हो गईं थी और वह अब भी अपनी सर्जरी से उबर रही हैं।
पेंग ने कहा, “मैं ओलम्पिक में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर पाकर काफी सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं आश्वस्त नहीं कि वापस शीर्ष पर पहुंच पाउंगी, लेकिन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की कोशिश करूंगी।”
dharmpath.com dharmpath