प्रो कबड्डी लीग : दिल्ली ने दर्ज की पहली जीत

जयपुर, 2 जुलाई (आईएएनएस)। दबंग दिल्ली ने शनिवार को हुए स्टार स्पोर्ट्स प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के चौथे संस्करण के 13वें मैच में बेंगलुरू बुल्स को हराकर इस संस्करण की अपनी पहली जीत दर्ज की।

वहीं, बेंगलुरू की यह इस संस्करण में पहली हार है।

दिल्ली के सचिन सिंघाड़े को मैन ऑफ द मैच और डिफेंडर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने टैकल से सात अंक जुटाए।

दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन उसने कुछ ही देर बाद वापसी की और स्कोर 5-5 कर लिया। यहां से दिल्ली ने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। पहले हाफ की समाप्ति तक उसने 13-9 की बड़ी बढ़त ले रखी थी।

दूसरे हाफ में भी दिल्ली ने बेंगलुरू को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया और पहले हाफ की बढ़त कायम रखते हुए अंतत: 32-24 से जीत दर्ज की।

रेड से सात और टैकल से एक अंक जुटाने वाले दिल्ली के मिराज शेख को रेडर ऑफ द मैच चुना गया।

दिल्ली ने रेड से कुल 11 अंक जुटाए, हालांकि इस मामले में बेंगलुरू की टीम उनसे आगे रही। बेंगलुरू टीम ने रेड से 14 अंक अपने खाते में जोड़े।

टैकल अंकों के मामले में हालांकि दिल्ली की टीम बेंगलुरू से काफी आगे रही। दिल्ली ने टैकल से 16 अंक हासिल किए, वहीं बेंगलुरू को नौ अंक मिले।

दिल्ली के हिस्से में चार ऑल आउट अंक आए, लेकिन बेंगलुरू की टीम एक भी ऑल आउट अंक नहीं जुटा सकी। दोनों टीमों को एक-एक अतिरिक्त अंक मिला।

इस जीत के साथ दिल्ली अंकतालिका में नौ अंकों के साथ पांचवें स्थान पर आ गई है। वहीं बेंगलुरू को पहली हार का नुकसान हुआ है और वह एक स्थान खिसक कर छठें स्थान पर खिसक गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493