पश्चिम बंगाल में संदिग्ध आतंकवादी गिरफ्तार (लीड-1)

कोलकाता, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने मंगलवार को बर्दवान जिले से एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया। संदिग्ध के इस्लामिक स्टेट (आईएस) से संबद्ध होने का संदेह है।

बर्दवान रेलवे स्टेशन से सोमवार को 25 वर्षीय मोहम्मद मसीउद्दीन उर्फ मूसा को गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को उसे सीआईडी मुख्यालय लाया गया, जहां उसे औपचारिक तौर पर हिरासत में ले लिया गया।

विश्व भारती पैसेंजर ट्रेन से बीरभूम के लाभपुर जा रहे मूसा को पुलिस ने ट्रेन से ही गिरफ्तार किया।

सीआईडी के महानिरीक्षक दिलीप कुमार अदक ने कहा, “हमें आईएस के एक संदिग्ध आतंकवादी के चेन्नई से हावड़ा होते हुए बीरभूम जाने की गोपनीय सूचना मिली, जिसके आधार पर हमने सोमवार को मसीउद्दीन को बर्दवान रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।”

लाभपुर निवासी मसीउद्दीन अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ तमिलनाडु के तिरुप्पुर में रह रहा था, जहां वह एक दुकान में काम करता था।

अदक ने कहा, “हमने मसीउद्दीन के पास से एक बड़ा चाकू, एक आधुनिक बंदूक और तीन कारतूस बरामद की। हम उसके मोबाइल के डाटा का भी विश्लेषण कर रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियों सहित कई खुफिया एजेंसिया उससे पूछताछ कर रही हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “शुरुआती पूछताछ के अनुसार उसके विदेशी आतंकवादी संगठनों से संबद्ध होने के संकेत मिले हैं। हम उसकी आईएस से संबद्धता से भी इनकार नहीं कर सकते।”

कुछ ही दिन पहले बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हुए भीषण आतंकवादी हमले को देखते हुए पश्चिम बंगाल में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और सीमा सुरक्षा बल ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर निगरानी चौकस कर दी है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मार्च में इसी जिले से इंजीनीयरिंग के एक छात्र को इस्लामिक स्टेट (आईएस) का मददगार होने के संदेह में गिरफ्तार किया था।

बर्दवान के ही खग्रागढ़ में अक्टूबर, 2014 में एक घर में हुए बम विस्फोट के बाद एनआईए ने इलाके में बांग्लादेशी आतंकवादी संगठन जमात उल मुजाहिदीन की सक्रियता का पता लगाया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493