लंदन, 5 जुलाई (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने कहा है कि विंबलडन मुकाबले में शीर्ष ब्रिटिश स्टार एंडी मरे के खिलाफ उनका प्रदर्शन बेहद खराब रहा।
मरे ने सोमवार को टूर्नामेंट के चौथे दौर में 103 मिनट तक चले मुकाबले में किर्गियोस को 7-5, 6-1, 6-4 से मात दी थी।
ईएसपीएन ने किर्गियोस के हवाले से कहा, “पहला सेट अच्छा था। इसके बाद का मैच बेहद बुरा रहा।”
उन्होंने कहा, “पहले सेट में मैं काफी अच्छा खेल रहा था। मुझे लगा की मैं अच्छी टेनिस खेल रहा हूं। मुझे लग रहा था कि मैं जीत जाऊंगा। जैसे ही मैंने पहला सेट गंवाया, मैंने विश्वास खो दिया।”
21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने कहा कि ऐसा भी समय आया था जब उन्हें खेल से प्यार नहीं था, लेकिन वह नहीं जानते थे कि वह इसके अलावा और क्या कर सकते हैं।
किर्गियोस ने कहा, “मुझे कभी लगता है कि मैं खेल से प्यार नहीं करता, लेकिन मैं नहीं जानता कि मैं इसके अलावा और क्या करुं गा।”
उन्होंने कहा, “जब हालात मुश्किल हो जाते हैं तब मैं थोड़ा नरम पड़ जाता हूं। मेरे पास अनुभव है, लेकिन यह तभी काम आता है जब उसका पूरा उपयोग किया जाए और लंबे समय तक संघर्ष किया जाए। लेकिन मैंने आज ऐसा कुछ भी नहीं किया। मैं चाहे लॉकर रूम में रहूं या कोर्ट में बैठा रहूं, मुझे दोनों ही दशा में कोई फर्क नहीं पड़ता।”
आस्ट्रेलिया के इस युवा खिलाड़ी ने बताया कि मरे ने मैच के बाद उनसे ‘सॉरी’ कहा था।
किर्गियोस ने बताया, “मैच के बाद मरे ने मुझसे कहा सॉरी, इसके जवाब में मैंने उनसे कहा कोई बात नहीं, अब टूर्नामेंट जीतो। और हमने एकदूसरे को गले लगाया।”
dharmpath.com dharmpath