भोपाल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में एक समारोह आयोजित कर जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 116वीं जयंती मनाई। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि मुखर्जी के बलिदान के कारण ही आज कश्मीर हिन्दुस्तान के नक्शे में है।
चौहान ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कहा कि भारत की एकता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत में देश की एकता और अखंडता के लिए सबसे पहला बलिदान डॉ.मुखर्जी ने दिया। मुखर्जी की जयंती पर भाजपा का हर एक कार्यकर्ता देश की एकता और अखंडता के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने को संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि देश सशक्त और ऊर्जावान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति कर रहा है। चौहान ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यो की भी सराहना की और कहा कि विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाकर डा. मुखर्जी के सपनों का भारत बनाएंगे।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत, प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं विधायक रामेश्वर शर्मा सहित कई पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath