ढाका, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के किशोरगंज जिले में शोलाकिया मैदान में ईद की नमाज शुरू होने से पहले हुए बम विस्फोट में एक पुलिसकर्मी की जान चली गई। हमलावर भी मारा गया।
हमला मैदान में ईद की नमाज के लिए जुटी भीड़ की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर किया गया था। हमले में 12 अन्य घायल हो गए।
‘बीडीन्यूज 24’ के अनुसार, मैदान से करीब एक किलोमीटर दूर अजिमुद्दीन हाई स्कूल गेट पर सुबह लगभग नौ बजे बम विस्फोट हुआ, जिसमें पुलिसकर्मी की जान चली गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए।
पुलिस की हमलावर और उनके सहयोगियों के बीच हुई मुठभेड़ में हमलावर मारा गया।
उप सिविल सर्जन हबीबुर रहमान ने कहा कि हवलदार जहुरूल हक (30) को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शोलाकिया में ईद की नमाज के लिए इकट्ठा हुए 3,00,000 से अधिक मुसलमान पुलिस और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में फंस गए।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, छह से सात लोगों के एक समूह ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और घटनास्थल पर कुछ बम भी फेंके।
ढाका के रेस्तरां में आतंकवादी हमले के सप्ताहभर के भीतर यह विस्फोट हुआ है। ढाका के राजनयिक इलाके गुलशन एन्क्लेव में पहली जुलाई को हुए हमले में 20 लोगों की मौत हो गई थी जिनमें 18 विदेशी थे।
dharmpath.com dharmpath