ब्रासीलिया, 7 जुलाई (आईएएनएस)। ब्राजील की निलंबित राष्ट्रपति डिल्मा रॉसेफ सीनेट के महाभियोग आयोग के समक्ष अपने बचाव की सुनवाई में भाग लेने में नाकाम रहीं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, उम्मीद की जा रही थी कि डिल्मा रॉसेफ बुधवार को अपने बचाव में बोलने के लिए पेश होंगी, लेकिन उसकी जगह उन्होंने अपने वकील जोसे इडुआडरे काडरेजो के जरिए एक लिखित जवाब पेश किया। इडुआडरे पहले ब्राजील के कानून मंत्री रहे हैं।
राष्ट्रपति ने अपने फैसले की घोषणा मंगलवार को सोशल मीडिया पर की थी। उन्होंने कहा था कि वह सीनेट के समक्ष पेश होने की संभावना पर विचार करेंगी, लेकिन किसी और समय।
काडरेजो ने जो बयान पढ़ा उसके अनुसार, डिल्मा ने कहा है कि उनके खिलाफ महाभियोग चलाना पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है।
उन्होंने अपने बचाव में उस दलील को दोहराया है कि राजस्व संबंधी तिकड़म जिसके लिए उनके खिलाफ जांच की जा रही है उसका सरकार के राजस्व बजट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।
मंगलवार को सीनेट के सदस्यों ने बचाव और अभियोजन पक्ष के लिए विशेषज्ञों टिप्पणी सुनी। उनमें बहुतों ने इस बात पर सहमति जताई कि जब डिल्मा ने कथित अवैध बजट गतिविधि को स्वीकृति नहीं दी तब ऐसी कोई वजह नजर नहीं आती कि उन पर अभियोग चलाया जाए।
डिल्मा को गत 11 मई को 180 दिनों के लिए निलंबित किया गया था। उनके खिलाफ सीनेट में महाभियोग की कार्रवाई होनी है, जो अगस्त में संभावित है।
डिल्मा को दोषी ठहराने और आठ साल के लिए किसी सरकारी पद से हटाने के लिए सीनेट में दो तिहाई बहुमत का समर्थन जरूरी है।
dharmpath.com dharmpath