पणजी, 8 जुलाई (आईएएनएस)। बार-बार गोवा दौरे को लेकर विपक्ष की आलोचना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने शुक्रवार को कहा कि वे हर 10 दिन पर एक बार अपने गृह प्रदेश का दौरा करते हैं, लेकिन इसके लिए हवाई जहाज का टिकट लेना आसान नहीं होता।
पर्रिकर ने पणजी से 35 किलोमीटर दूर स्थित मरगाओ में एक सरकारी कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा, “मैं अभी गोवा में हूं और पहले भी गोवा में ही था। मैं हर 10 दिन पर गोवा आता हूं और आगे भी आता रहूंगा। यहां केवल मेरा घर नहीं है, बल्कि मेरा राजनीतिक गृहक्षेत्र भी है। कोई भी सांसद जो निर्वाचित होता है, वह अपने निर्वाचन क्षेत्र का हर आठ से 10 दिनों में दौरा करता है। मैं भी यही करता हूं।”
लेकिन गोवा आना आसान नहीं है, क्योंकि इसके लिए मुझे अग्रिम टिकट कटवाना पड़ता है।
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “जब भी मेरी योजना गोवा आने की होती है, मुझे उससे चार-पांच दिन पहले ही टिकट कटाना पड़ता है, क्योंकि हवाई जहाज का टिकट मिलना इतना आसान नहीं है। अगर आप मंगलवार को गोवा जाने का कार्यक्रम बनाते हैं, तो आज आपको टिकट नहीं मिलेगा।”
dharmpath.com dharmpath