रियो डी जनेरियो, 8 जुलाई (आईएएनएस)। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने यहां एक संबद्ध डोपिंग रोधी प्रयोगशाला को निलंबित कर दिया था। हालांकि, इस निलंबन के पीछे की समस्या सुलझा ली गई है।
ब्राजील की सरकार ने यह जानकारी दी।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन में खेल मंत्री लियोनाडरे पिक्किआनी ने कहा कि एक जांच प्रक्रिया में प्रयोगशाला असफल हुई थी, लेकिन इस समस्या को ठीक कर वाडा से इस मुद्दे पर संपर्क किया गया।
पिक्किआनी ने कहा, “पांच जुलाई से वाडा की टीम प्रयोगशाला के दौरे पर थी। जिस समस्या के कारण प्रयोगशाला को निलंबित किया गया था, उसे पूरी तरह सुलझा लिया गया है।”
खेल मंत्री का कहना है कि अब उन्हें आशा है कि वाडा आगामी ओलम्पिक खेलों से पहले इस प्रयोगशाला को फिर से खोल देगी, क्योंकि सभी स्थितियां अनुकूल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पिक्किआनी ने हालांकि, वाडा द्वारा डोपिंग रोधी प्रयोगशाला को निलंबित करने के पीछे की मुख्य वजह को नहीं बताया।
इस प्रयोगशाला का रियो ओलम्पिक में डोपिंग नमूनों की जांच में महत्वपूर्ण किरदार है। अगर वाडा की ओर से इस प्रयोगशाला को स्वीकृति मिल जाती है, तो यह पांच से 21 अगस्त तक होने वाले ओलम्पिक खेलों के दौरान 24 घंटे काम करेगी। इसमें इस दौरान करीब 5,000 रक्त और मूत्र नमूनों की जांच होगी।
dharmpath.com dharmpath