मप्र : सीबीआई ने एनआईटीटीटीआर के निदेशक के खिलाफ मामला दर्ज किया (लीड-1)

भोपाल, 8 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर) में हुए निर्माण कार्य घोटाले की जांच को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को संस्थान के कार्यालय सहित कुल 21 स्थानों पर छापे मारे। साथ ही संस्थान के तत्कालीन निदेशक और अन्य अधिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

सीबीआई द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि भोपाल स्थित एनआईटीटीटीआर में निर्माण कार्यो में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ियों की शिकायत की जांच के बाद शुक्रवार को तत्कालीन निदेशक व अन्य अधिकारियों के भोपाल व रीवा सहित कुल 21 स्थानों पर तलाशी अभियान चला। संस्थान के कार्यालय में भी तलाशी ली गई।

सीबीआई ने अपनी जांच में पाया कि संस्थान में हुए निर्माण कार्यो में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा तय दरों से कई गुना दर पर निर्माण कार्य कराए गए, जिससे शासन को कई करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस कारण संस्थान के निदेशक और अन्य अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, संस्थान में हुए निर्माण कार्यो में 35 करोड़ रुपये से ज्यादा की गड़बड़ी का मामला सामने आया था। उसी सिलसिले में भोपाल स्थित कार्यालय, पूर्व निदेशक के रीवा स्थित आवास व अन्य स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पूरे दिन संस्थान के कार्यालय में किसी भी कर्मचारी को नहीं जाने दिया गया।

सूत्रों के मुताबिक, पूर्व निदेशक विजय अग्रवाल के कार्यकाल में हुए निर्माण कार्यो में गड़बड़ी की शिकायत की गई थी, उसी आधार पर सीबीआई ने शुक्रवार को निर्माण कार्य करने वाली संस्थाओं से जुड़े लोगों के यहां भी छापेमारी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493