कार्डिफ, 11 जुलाई (आईएएनएस)। हाल ही में संपन्न हुए यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाली वेल्स टीम के कप्तान एश्ले विलियम्स का मानना है कि वेल्स टीम भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और भी सफलताएं हासिल कर सकती है।
विलियम्स ने कहा कि उनकी टीम रूस की मेजबानी में होने वाले फीफा विश्व कप-2018 में विजेता बनकर भी उभर सकती है।
स्वांसी सिटी फुटबाल क्लब के लिए खेलने वाले विलियम्स ने फ्रांस की मेजबानी में हुए यूरो-2016 में वेल्स के बेहतरीन प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वेल्स ने 58 साल बाद किसी बड़े टूर्नामेंट में कदम रखा और वे यूरो कप के सेमीफाइनल तक का सफर तय करने में भी सफल रहे। हालांकि, टीम को सेमीफाइनल में पुर्तगाल से हार का सामना करना पड़ा, जो बाद में चैम्पियन बना।
यूरो कप के बाद कार्डिफ लौटी टीम का भव्य स्वागत हुआ।
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, विलियम्स ने बस के अंदर बैठे अपने साथी खिलाड़ियों से कहा कि अगर वे खिताब जीतते तो कैसा होता? बाहर सड़कों पर खड़े लोगों को देखकर उन्हें ऐसा ही महसूस हो रहा था।
विलियम्स ने कहा कि उन्हें आशा है कि रूस में होने वाले फीफा विश्व के बाद देश वापस लौटने पर ऐसा ही स्वागत होगा, लेकिन इस बार उनके हाथों में ट्रॉफी भी होगी।
dharmpath.com dharmpath