छत्तीसगढ़ : मानसून सत्र शुरू, कानून व्यवस्था पर चर्चा की मांग

रायपुर, 11 जुलाई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा में मानसून सत्र सोमवार सुबह शुरू हो गया। अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा व बसना के पूर्व विधायक जयदेव सतपथी के निधन पर सदन में दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। दिवंगतों के सम्मान में सदन की कार्रवाई पांच मिनट के लिए स्थगित की गई।

नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव, भूपेश बघेल व अन्य कांग्रेस सदस्यों ने प्रश्नकाल में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर सदन काम रोककर चर्चा कराने की मांग की। अध्यक्ष ने प्रश्नकाल के बाद इस विषय को लेने का आश्वासन दिया।

प्रश्नकाल में ही नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश में बिजली की मांग और आपूर्ति का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जनवरी से जून तक की स्थिति की जानकारी दी।

सदन में हाथियों के आतंक से जन-धन की हानि होने का मामला उठा, ध्यानाकर्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव व अमरजीत भगत ने यह मामला उठाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनहानि होने पर चार लाख रुपये, जबकि दूसरे राज्यों में आठ लाख रुपये मुआवजा दिया जाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हाथियों को भगाने के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है, इस पर वनमंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि रोकथाम के लिए विभाग प्रयास कर रहा है।

मानसून सत्र 11 से 19 जुलाई तक चलेगा। इस सत्र में सात बैठकें होंगी। 13 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह चालू वित्तीय वर्ष के लिए करीब 26 सौ करोड़ रुपये का प्रथम अनुपूरक बजट पेश करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493