नैरोबी, 11 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्या के राष्ट्रपति उहुरू केन्याता के नेतृत्व में हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद सोमवार को दोनों देशों ने सात समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
दोनों देशों ने रक्षा सहयोग के क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
एक अन्य एमओयू में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स और ब्यूरो ऑफ केन्या स्टैंडर्ड्स के बीच मानकीकरण, विशेषज्ञता साझा करने और आपसी व्यापार के क्षेत्र में समझौता हुआ।
तीसरे एमओयू के तहत राष्ट्रीय आवास नीति के विकास और प्रबंधन के क्षेत्र में हस्ताक्षर किए गए।
एक अन्य समझौत के तहत भारत इस पूर्वी अफ्रीकी देश में विभिन्न लघु और मझौले उद्यमों के विकास के लिए केन्या की आईडीबी कैपिटल को 1.5 करोड़ डॉलर का ऋण देगा।
इसके अलावा एक अन्य समझौता भारत द्वारा केन्या सरकार को ‘रिफ्ट वैली टेक्सटाइल्स फैक्टरी’ (रिवाटेक्स इस्ट अफ्रीका लिमिटेड) के उन्नयन के लिए 2.995 करोड़ डॉलर का ऋण देने के लिए भी किया गया है।
दोनों देशों ने एक संशोधित ‘दोहरा कराधान बचाव समझौते’ पर भी हस्ताक्षर किए हैं।
इसके अलावा राजनयिक पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा छूट पर भी एक द्विपक्षीय समझौता किया गया।
मोदी चार अफ्रीकी देशों की यात्रा के अपने चौथे और अंतिम चरण में रविवार को तंजानिया से केन्या पहुंचे थे।
वह सोमवार शाम स्वदेश रवाना होंगे।
dharmpath.com dharmpath