उभरती अर्थव्यवस्थाओं में भारत में सर्वाधिक कंपनियां पारदर्शी : अध्ययन

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। दुनिया की उभरती अर्थव्यवस्थाओं में भारत में पारदर्शी तरीके से कारोबार करने वाली कंपनियों की संख्या सर्वाधिक है, क्योंकि यहां एक सख्त निगरानी प्रणाली मौजूद है। सोमवार को जारी एक अध्ययन में यह खुलासा किया गया।

अध्ययन में कहा गया है कि दूसरी ओर चीन में उद्योग जगत के लिए भ्रष्टाचार रोधी नीतियां या तो हैं, या नहीं है या फिर बेहद कमजोर हैं, और शायद इसीलिए अपारदर्शी तरीके से कारोबार करने वाली कंपनियों की संख्या के मामले में चीन सबसे ऊपर है।

जर्मनी की संस्था ‘ट्रांसपैरेंसी इंटरनेशनल’ की सोमवार को जारी एक रपट में कहा गया है कि दुनिया के सबसे बड़े उभरते बाजारों में कारोबार कर रहीं अधिकतर कंपनियां पारदर्शिता, अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए भ्रष्टाचार का वातावरण तैयार करने के मामले में असफल साबित हुई हैं।

‘ट्रांसपैरेंसी इन कॉरपोरेट रिपोर्टिग : एसेसिंग इमर्जिग मार्केट मल्टिनेशनल्स’ शीर्षक से प्रकाशित इस रपट में कहा गया है, “सबसे तेजी से विकास कर रहीं सैकड़ों कंपनियां तेजी से बढ़ रहे बाजार वाले 15 देशों की हैं, और जिनका कारोबार 185 देशों में फैला हुआ है। हालांकि पारदर्शिता के पैमाने पर वे औसतन 10 में से 3.4 अंक ही हासिल कर पाईं। इस पैमाने पर सबसे कम पारदर्शी कंपनी के लिए शून्य और सर्वाधिक पारदर्शी कंपनी के लिए 10 अंक निर्धारित किए गए थे।”

ब्रिक्स देशों की 75 कंपनियां औसत अंक भी हासिल नहीं कर पाईं, हालांकि इसमें बेहद खराब प्रदर्शन करने वाली कंपनियों में सर्वाधिक कंपनियां चीन की रहीं।

ब्रिक्स देशों की कंपनियों की वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

भारतीय कंपनियों का सांगठनिक पारदर्शिता के मामले में औसत अंक किसी भी अन्य देश की तुलना में सर्वाधिक 75 प्रतिशत या उससे अधिक रहा, जिसका श्रेय भारत में लागू कंपनी अधिनियम को जाता है।

वहीं चीन की कंपनियों का प्रदर्शन सबसे खराब रहा, जो इस ओर इशारा करता है कि चीन और उसके उद्योग जगत को मानकों को लागू करने के लिए तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493