संयुक्त राष्ट्र, 12 जुलाई (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून की जगह लेने के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करने वाले 12 उम्मीदवारों में से 10 टीवी पर पहली बार होने वाली वैश्विक बहस में हिस्सा लेंगे।
संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष मोगेंस लिकेटोफ्ट ने सोमवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस बहस का आयोजन मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के हॉल में शाम 6 से रात 9 बजे तक होगी और इसका प्रसारण यूएनटीवी और अल जजीरा नेटवर्क पर किया जाएगा।
लिकेटोफ्ट ने कहा, “हम सभी जानते हैं कि यह पारदार्शिता की दृष्टि से अब तक की अनोखी प्रक्रिया है।” उन्होंने बान की-मून के उत्तराधिकारी के चयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। मून इस साल के अंत में अपना दो कार्यकाल पूरा कर अवकाश प्राप्त करेंगे।
लिकेटोफ्ट ने कहा कि बहस में भाग लेने के लिए 10 उम्मीदवारों को दो समूहों में बांटा गया है। ये लोग प्रश्नों का उत्तर देंगे।
पहले समूह में क्रोसिया की वेसना पुसिक, पुर्तगाल के एंटोनियो गुटेरेस, अर्जेटीना की सुसाना मालकोरा, सर्बिया के वुक जैरेमिक और मोल्डोवा की नतालिया घेरमैन शामिल होंगे। दूसरे समूह में न्यूजीलैंड की हेलेन क्लार्क, स्लोवेनिया के डेनिलो तुर्क, कोस्टा रिका की क्रिस्टिना फिगरेस मोन्टेनिग्रो के आइगर लुकसिक और बुल्गेरिया की इरिना बोकावा शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि मैसेडोनिया के स्रगजान केरिम और स्लोवाकिया के मिरोस्लाव लैजकेक बहस में भाग लेने से असमर्थ हैं।
संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुसार, सुरक्षा परिषद की अनुशंसा पर संयुक्त राष्ट्र महासभा महासचिव की नियुक्ति करती है।
महासभा को अनुशंसा करने के लिए पहले सुरक्षा परिषद गुप्त रूप से किसी एक उम्मीदवार का चयन करती करती थी। लेकिन अब पारदर्शिता के नाम पर वर्तमान चयन प्रक्रिया खुली बना दी गई है।
महासभा सदस्यों ने 12 उम्मीदवारों में से 9 का साक्षात्कार लिया है। 10वें उम्मीदवार फिगरेस का साक्षात्कार गुरुवार को होगा।
dharmpath.com dharmpath