मुझे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है : श्रीजेश

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के दिग्गज गोलकीपर पी. आर. श्रीजेश को मंगलवार को अगले महीने शुरू हो रहे ओलम्पिक खेलों के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। श्रीजेश को वरिष्ठ मिडफील्डर सरदार सिंह की जगह कप्तान नियुक्त किया गया है। सरदार को हालांकि टीम में बनाए रखा गया है।

कप्तानी मिलने पर श्रीजेश ने कहा कि यह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है।

कप्तान नियुक्त किए जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्रीजेश ने कहा, “यह मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी है क्योंकि भारतीय टीम हर ओलम्पिक में बड़ी उम्मीदों के साथ जाती है।”

कोच्ची के निकट श्रीजेश के घर पर भी उन्हें कप्तान बनाए जाने को लेकर काफी उत्साह देखा गया। उनकी बेटी श्रीकुट्टी अवास अपने हाथों में छोटी-छोटी दो हॉकी लेकर घूम रहीं थीं, उन्हें पता थी कि उनके पिता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

श्रीजेश के पिता ने पत्रकारों से कहा, “पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच कर रजत पदक हासिल करने वाली टीम की कमान संभालने के बाद से वह काफी उत्साहित हैं और उनका अगला लक्ष्य रियो में स्वर्ण पदक हासिल करना है।”

श्रीजेश की पत्नी अनीशा भी अपनी खुशी छुपा नहीं पा रही थीं। यह पहली बार है कि केरल का कोई खिलाड़ी ओलम्पिक में भारतीय टीम की कमान संभाल रहा है।

अनीशा ने कहा, “हम सभी काफी खुश हैं और उनके साथ टीम को भी शुभकामनाएं देते हैं।”

हॉकी इंडिया (एचआई) ने मंगलवार को रियो के लिए 16 सदस्यीय टीम की घोषणा की। चोटिल डिफेंडर बिरेंदर लाकड़ा की जगह सुरेंद्र कुमार को टीम में जगह मिली है। वहीं एस. वी. सुनील को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है।

कोच रोएलेंट ओल्टमेंस के मार्गदर्शन में चैम्पियंस ट्रॉफी में रजत पदक हासिल करने वाली टीम के कप्तान श्रीजेश ही थे। सरदार को इस टूर्नामेंट में आराम दिया गया था। हालांकि हाल ही में खत्म हुई छह देशों की प्रतियोगिता में सरदार ने कप्तान के रूप में ही टीम में वापसी की थी।

रियो में भारतीय टीम को जर्मनी और नीदरलैंड्स के साथ ग्रुप-बी में रखा गया है। ओलम्पिक में इस साल पहली बार लीग चरण के बाद क्वार्टर फाइनल चरण रखा गया है। जहां दो ग्रुप में से शीर्ष चार टीमें अंतिम आठ में प्रवेश करेंगी।

लंदन ओलम्पिक-2012 में भारत 12 देशों में से सबसे नीचे रहा था। आठ बार स्वर्ण पदक हासिल करने वाली भारतीय टीम रियो के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बनी। 2014 एशियाई खेलों में उन्होंने पाकिस्तान को हराकर यह मुकाम हासिल किया था।

सरदार पर हाल ही में एक ब्रिटिश लड़की ने दुष्कर्म का आरोप लगया था जिसके बाद यह विवाद दिन-ब-दिन गहराता चला गया।

श्रीजेश का मानना है कि सरदार को कप्तानी से हटाए जाने के फैसले से यह मिडफील्डर अपने खेल पर ज्यादा ध्यान दे पाएगा। सरदार का साथ देते हुए श्रीजेश ने कहा कि सरदार टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहेंगे। उनका मानना है कि एक शख्स के आस-पास जो होता है उसका असर पड़ना लाजमी है।

श्रीजेश की आगुआई वाली टीम रियो में अपने वरिष्ठ खिलाड़ी बिरेंदर लाकड़ा के बिना मैदान पर उतरेगी जो घुटने की सर्जरी के बाद अपनी फिटनेस साबित कर पाने में असफल रहे हैं।

टीम के कोच ओल्टमेंस ने आईएएनएस से कहा, “मुझे रोने का मन कर रहा है। मुझे दुख है कि वह टीम में नहीं है। वह शानदार और मेहनती खिलाड़ी हैं। दुर्भाग्यवश वह सर्जरी के बाद अपनी फिटनेस साबित नहीं कर पाया।”

टीम को घोषणा के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, खेल मंत्री विजय गोयल, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और एचआई के उपाध्यक्ष अनुराग ठाकुर मौजूद थे।

एचआई द्वारा रियो ओलम्पिक के लिए घोषित टीम :- हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, कोथाजीत सिंह, सुरेंदर कुमार, मनप्रीत सिंह, सरदार सिंह, वी. आर. रघुनाथ, एस. के. उथप्पा, पी. आर. श्रीजेश (कप्तान), दानिश मुज्तबा, देविंदर वाल्मिकी, एस. वी. सुनील, आकाशदीप सिंह, चिंगलेनसाना सिंह, रमनदीप सिंह, निकिन थिमैया।

अतिरिक्त खिलाड़ी :- परदीप मोर, विकास दहिया

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493