जुबान नहीं फिसली, मन की बात कह गए शिवपाल : साध्वी निरंजन

शिवपाल सिंह यादव ने कहा था कि आतंकवादियों, देशद्रोही और गलत काम करने वालों के पक्ष में सपा सरकार हमेशा से रही है।

झांसी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आई खाद्य प्रसंस्करण मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने पत्रकारों से कहा, “आंतकवादियों के साथ सपा सरकार हमेशा से रही है। सपा सरकार के मंत्री शिवपाल यादव की जुबान नहीं फिसली है। बल्कि मंत्री जी ने पहली बार अपने मन की बात कही है।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार जनता को केवल लूटने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का काम कर रही है। प्रदेश सरकार केंद्र सरकार द्वारा दी गई विकास परक योजनाओं के पैसे को बड़े-बड़े विज्ञापनों पर खर्च कर प्रचार-प्रसार कर रही है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार विकास में फेल हैं पर प्रचार में आगे है। केंद्र की योजनाओं पर अखिलेश अपना लेबल लगा कर अपना प्रचार-प्रसार कर रहे हैं।

केंद्र सरकार की उत्तराखंड व अरुणाचल प्रदेश में हुई किरकिरी से बौखलाईं केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि पहले कांग्रेस अपनी गिरेबां में झांके, इसके बाद ही बात करे, क्योंकि विधायक उनके टूट रहे हैं न की हमारे।

प्रियंका गांधी के उप्र में प्रचार के मामले पर उन्होंने कहा कि जैसे राहुल गांधी फेल हुए हैं, उसी प्रकार प्रियंका गांधी भी चुनाव प्रचार में फेल साबित होंगी।

जम्मू एवं कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती का बचाव करते हुए उन्होंने कहा, “महबूबा कमजोर नहीं, बल्कि ताकतवर मुख्यमंत्री हैं। उधर जिस प्रकार के हालात हैं, उसे वह संभालने में सक्षम हैं, जिस कारण आज भी अमरनाथ यात्रा सुचारु रूप से चल रही है।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए साध्वी ने कहा कि पहले केजरीवाल दिल्ली और वहां की जनता को संभाल लें, क्योंकि उन्होंने दिल्ली की जनता से बिजली और पानी मुफ्त देने का वादा किया था, वह वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। दिल्ली की जनता अब खुद को छला महसूस कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493