पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना टूण्डला थाना क्षेत्र के गांव जरौली स्थित एक ढाबे के समीप हुई।
एक अन्य घटना में थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में अज्ञात वाहन के रौंदने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि जनपद में हुए अन्य सड़क हादसों में आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, थाना खेरगढ़ के गांव नगला बधा निवासी 50 वर्षीय राघुवेन्द्र सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह की पुत्री की नौ जुलाई को शादी थी। बेटी की शादी करने और 10 जुलाई को उसकी विदाई के बाद राघुवेन्द्र अपनी बाइक पर मौसी मुन्नी देवी निवासी खंगरई थाना नारखी को छोड़ने उसके घर जा रहे थे। उसी दौरान रास्ते में थाना टूण्डला के गांव जरौली स्थित नेताजी ढाबा के समीप तेज गति से आ रहे अनियन्त्रित ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने कहा कि दूसरी घटना में थाना मटसैना के गांव पिलुआ निवासी 18 वर्षीय राकेश पुत्र राधेश्याम शिकोहाबाद किसी काम से गया था। जहां प्रतापपुर चैराहा के समीप सड़क के किनारे लघुशंका करते समय अज्ञात वाहन के रौंदने से उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
इस दौरान, जनपद में हुए अन्य सड़क हादसों में मैनपुरी के बरनाल निवासी 35 वर्षीय उमेश चन्द्र पुत्र फतेह सिंह, थाना उत्तर क्षेत्र के खेड़ा मोहल्ला निवासी 50 वर्षीय बाबू पुत्र नेकराम थाना लाइनपार के नगला विष्णु निवासी किशन पुत्र बंसी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए आगरा भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना मटसैना के गांव रूपवास निवासी 28 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र राघेश्याम व उसका आठ वर्षीय पुत्र अरुण कुमार, मक्खनपुर क्षेत्र के गोविन्दपुर निवासी 20 वर्षीय विकास पुत्र सुरेशचन्द्र को भी इलाज के लिए आगरा भेजा गया है।
dharmpath.com dharmpath