लखनऊ, 14 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने गुरुवार से राज्य के कई जिलों में तेज बारिश होने के आसार जताए हैं।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है। दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज किए जाने का अनुमान है। लखनऊ में बुधवार को भी हल्की बारिश हुई, लेकिन गुरुवार को तेज बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त गुरुवार को बनारस का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री, कानपुर का 22 डिग्री, गोरखपुर का 22.1 डिग्री, इलाहाबाद का 24.2 डिग्री, झांसी का 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath