आरा, 14 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र में छोटे से विवाद के कारण पति-पत्नी ने खुद को आग लगा ली, जिससे दोनों की मौत हो गई। विवाद का कारण पत्नी के गैर शख्स से बात करना बताया जा रहा है, जो पति को नापसंद था।
पुलिस के अनुसार, बहियार गांव निवासी करण चौधरी और पत्नी चंदा देवी के बीच बुधवार रात इस मुद्दे को लेकर बहस हो गई और विवाद बढ़ गया।
पुलिस ने बताया कि चंदा ने गुस्से में आकर पहले वहां रखे केरोसिन तेल पति पर उड़ेल कर आग लगा दी, फिर खुद को भी आग के हवाले कर दिया।
चांदी के थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने गुरुवार को बताया कि घटनास्थल पर चंदा की मौत हो गई, जबकि पति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना में करण का सात वर्षीय भाई भी आग की जद में आने से झुलस गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, करण नहीं चाहता था कि चंदा किसी गैर शख्स से बात करे, लेकिन चंदा लगातार बात करती थी। इसी को लेकर दोनों में विवाद होता रहता था। दोनों की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath