नंदेद(महाराष्ट्र), 14 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दो बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे शंकरराव बलवंत राव चव्हाण को गुरुवार को उनके 96वें जन्मदिवस के मौके पर श्रद्धांजलि दी।
सोनिया ने यहां चव्हाण को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “‘हेडमास्टर’ के नाम से मशहूर चव्हाण दिवगंत प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के विश्वासपात्र रहे थे। उन्होंने अपनी विभिन्न दुर्लभ क्षमताओं के जरिए देश की सेवा की थी।”
सोनिया ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मिलकर चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण की मौजूदगी में चव्हाण को समर्पित एक प्रतिमा का अनावरण किया और एक संग्रहालय का उद्घाटन किया। अशोक चव्हाण भी महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं।
समारोह में उपस्थित अन्य कांग्रेसियों में शिवराज पाटिल, सुशील कुमार शिंदे, डी.वाई. पाटिल, पृथ्वीराज चव्हाण, नारायण राणे, वैशाली विलासराव देशमुख और एम.ए. नसीम खान भी शामिल थे।
दो बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे शंकरराव चव्हाण तत्कालीन प्रधानमंत्रियों राजीव गांधी और पी.वी. नरसिम्हा राव के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री भी रहे थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में गृह, वित्त, विदेश, रक्षा, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों का कार्यभार संभाला था। साथ ही वह योजना आयोग के उपाध्यक्ष भी रहे थे।
वर्ष 2004 में उनका निधन हुआ था।
dharmpath.com dharmpath