अंसारी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रचार के दौरान मोदी ने जनता से जो वादे किए थे, वे सारे वादे वह अब भूल चुके हैं। शपथ लेते ही देश के प्रधानमंत्री ने कहा था कि 100 दिन के अंदर महंगाई खत्म हो जाएगी, विदेशी बैंकों में जमा काला धन 280 लाख करोड़ रुपये वापस लाकर देश के प्रत्येक परिवार में 15-15 लाख रुपया बांट देंगे, भ्रष्टाचार खत्म कर देंगे, एक वर्ष में एक करोड़ नवयुवकों को रोजगार व देश को खुशहाली के रास्ते पर ले जाएंगे। लेकिन जीरो बैलेंस वाले बैंक खाते खुलवाकर इसी को बड़ी उपलब्धि बताते हुए दो साल गुजार दिए।
उन्होंने कहा कि बिना पैसे वाला खाता लेकर गरीब क्या करेगा? क्या पासबुक देख-देखकर पेट भरेगा? घर में अनाज कहां से आएगा, उसका कोई उपाय नहीं। मगर मुफ्त में गैस कनेक्शन देकर मोदी गरीबों को बहला रहे हैं। अगर सिलेंडर मुफ्त में देते तो एक सहारा भी होता। मुफ्त कनेक्शन देकर वह गरीबों को फुसला रहे हैं और चंद अमीरों को और अमीर बनाने के लिए सारा ताना-बाना बुन रहे हैं।
अंसारी ने कहा, “मोदी जी ने कहा था कि देश की जनता महसूस करेगी कि अच्छे दिन आ गए हैं। अच्छे दिन क्या आए हैं, आज भारत का हर आम आदमी महसूस कर रहा है कि उसके भोजन की थाली से दाल-सब्जी के अलावा अब रोटी भी गायब होने वाली है।”
कौएद प्रमुख ने कहा कि अपने किए गए वादों को पूरा करने में विफल भाजपा जनता का ध्यान हटाने के लिए रोज नए-नए कार्यक्रम जो कर रही है, वे धरातल पर पूरी तरह फेल हो रहे हैं। भाजपा को सिर्फ दंगे कराने पर भरोसा है। अपने फायदे के लिए अमन-चैन का माहौल बिगाड़ने वाली पार्टी पर उत्तर प्रदेश की जनता भरोसा कैसे करे।
dharmpath.com dharmpath